📢 ताज़ा खबर
BPSC UPSC CTET EXAM PREPARTION
लॉग-इन

CTET तैयारी – रोज़ का पाठ और Long प्रश्न-उत्तर | Gkakhara

बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र

विकास की अवधारणा एवं इसका अधिगम से सम्बन्ध

Concept of Development and its Relationship with Learning · 25 नव 2026
अध्याय 1
1.1 विकास की अवधारणा

विकास जीवनपर्यन्त चलने वाली एक निरन्तर प्रक्रिया है। विकास की प्रक्रिया में बालक का शारीरिक (Physical), क्रियात्मक (Motor), संज्ञानात्मक (Cognitive), भाषायी (Language), संवेगात्मक (Emotional) एवं सामाजिक (Social) विकास होता है।

बालक में आयु के साथ होने वाले गुणात्मक एवं परिमाणात्मक परिवर्तन सामान्यतया क्रमिक होते हैं। बालक के क्रमबद्ध विकास की प्रक्रिया में परिवर्तनों की एक क्रमिक श्रृंखला होती है।

विकास का अर्थ यह स्पष्ट करता है कि बालक के अन्दर अब तक के परिवर्तनों की परिपक्वता पर निर्भर करते हुए आगे होने वाले परिवर्तन होते हैं।

मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, “विकास आनुवंशिक एवं वातावरण के प्रभाव में परिवर्तन है।”

1.2 विकास के अभिलक्षण

• विकास एक गतिशील प्रक्रिया है, जो गर्भावस्था से लेकर मृत्युपर्यन्त चलती रहती है। मनोवैज्ञानिकों ने विकास के विभिन्न अभिलक्षणों को बताया है।

• विकास बहु-आयामी (Multi-dimensional) होता है अर्थात् कुछ क्षेत्रों में यह बहुत तीव्र वृद्धि दर्शाता है, जबकि कुछ अन्य क्षेत्रों में धीमी गति से होता है।

• विकास बहुत ही लचीला होता है। इसका तात्पर्य है कि बालक अपनी पिछली विकास दर की तुलना में किसी विशिष्ट क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक सुधार प्रदर्शित कर सकता है। एक अच्छा परिवेश शारीरिक शक्ति अथवा स्मृति और बुद्धि के स्तर में अपेक्षित सुधार ला सकता है।

• विकासात्मक परिवर्तनों में प्रायः परिपक्वता में क्रियात्मकता (Functional) के स्तर पर उच्च स्तरीय वृद्धि देखने में आती है। उदाहरणस्वरूप, शब्दावली के आकार और जटिलता में वृद्धि, परन्तु इस प्रक्रिया में कोई कमी अथवा क्षति भी निहित हो सकती है; जैसे—हड्डियों के घनत्व में कमी या वृद्धावस्था में याददाश्त (स्मृति) का कमजोर होना।

• विकासात्मक परिवर्तन ‘मात्रात्मक’ (Quantitative) हो सकते हैं; जैसे—आयु के साथ कद बढ़ना अथवा ‘गुणात्मक’ परिवर्तन जैसे नैतिक मूल्यों का निर्माण।

• किशोरावस्था के दौरान शरीर के साथ-साथ संवेगात्मक, सामाजिक और संज्ञानात्मक क्रियात्मकता में भी तेजी से परिवर्तन दिखाई देते हैं।

• विकास प्रासंगिक हो सकता है। यह ऐतिहासिक, परिवेशीय और सामाजिक-सांस्कृतिक घटकों से प्रभावित हो सकता है।

• विकासात्मक परिवर्तनों की दर अथवा गति में उल्लेखनीय ‘व्यक्तिगत अन्तर’ हो सकते हैं। यह अन्तर आनुवंशिक घटकों अथवा परिवेशीय प्रभावों के कारण हो सकते हैं। कुछ बच्चे अपनी आयु की तुलना में अत्यधिक तेज विकास कर सकते हैं, जबकि कुछ बच्चों में विकास की गति बहुत धीमी होती है।

उदाहरण के लिए, कुछ बच्चे 3 वर्ष की आयु में बोलना शुरू कर देते हैं, परन्तु कुछ बच्चे इससे अधिक आयु में बोलना शुरू करते हैं। ऐसे बच्चे भी हो सकते हैं जो 2 वर्ष की आयु में बहुत अच्छे से वाक्य बोलने लगते हैं।

1.3 विकास के आयाम

मनोवैज्ञानिकों ने अध्ययन की सुविधा के दृष्टिकोण से विकास को निम्नलिखित भागों में बाँटा है।

1.3.1 शारीरिक विकास

शारीरिक विकास (Physical Development) से तात्पर्य शरीर में होने वाले उन परिवर्तनों से है, जिनमें शरीर की लम्बाई, भार, मोटाई तथा अन्य अंगों का विकास आता है। इसमें आन्तरिक एवं बाह्य दोनों रूपों में परिवर्तन होते हैं।

शारीरिक विकास पर बालक के आनुवंशिक गुणों का प्रभाव देखा जा सकता है। इसके अतिरिक्त बालक के परिवेश एवं उसकी देखभाल का भी उसके शारीरिक विकास पर प्रभाव पड़ता है। यदि बच्चे को पर्याप्त मात्रा में पोषक आहार उपलब्ध नहीं हो रहा है, तो उसके विकास की सामान्य गति की आशा कैसे की जा सकती है?

बालक की वृद्धि एवं विकास के बारे में शिक्षकों को पर्याप्त जानकारी इसलिए भी रखनी अनिवार्य है, क्योंकि बच्चों की रुचियाँ, इच्छाएँ, दृष्टिकोण एवं एक तरह से उसका पूर्ण व्यवहार शारीरिक वृद्धि एवं विकास पर ही निर्भर करता है।

बच्चों की शारीरिक वृद्धि एवं विकास (Physical Development) के सामान्य ढाँचे से परिचित होकर अध्यापक यह जान सकता है कि एक विशेष आयु स्तर पर बच्चों से क्या आशा की जा सकती है।

1.3.2 मानसिक विकास

संज्ञानात्मक या मानसिक विकास (Cognitive or Mental Development) से तात्पर्य बालक की उन सभी मानसिक योग्यताओं एवं क्षमताओं में वृद्धि और विकास से है, जिनके परिणामस्वरूप विभिन्न प्रकार की समस्याओं को सुलझाने में अपनी मानसिक शक्तियों का पर्याप्त उपयोग कर पाता है।

• कल्पना करना, स्मरण करना, विचार करना, निरीक्षण करना, समस्या-समाधान करना, निर्णय लेना इत्यादि की योग्यता संज्ञानात्मक विकास के फलस्वरूप ही विकसित होती हैं।

• जन्म के समय बालक में इस प्रकार की योग्यता का अभाव होता है। धीरे-धीरे आयु बढ़ने के साथ-साथ उसमें मानसिक विकास की गति भी बढ़ती रहती है।

• संज्ञानात्मक विकास के बारे में शिक्षकों को पर्याप्त जानकारी इसलिए होनी चाहिए, क्योंकि इसके अभाव में वह बालक की इससे सम्बन्धित समस्याओं का समाधान नहीं कर पाएगा। यदि कोई बालक मानसिक रूप से कमजोर है, तो इसके क्या कारण हैं, यह जानना उसके उपचार के लिए आवश्यक है।

• विभिन्न अवस्थाओं और आयु-स्तर पर बच्चों की मानसिक वृद्धि और विकास को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त पाठ्य-पुस्तकें तैयार करने में भी इससे सहायता मिल सकती है।

1.3.3 सांवेगिक विकास

संवेग, जिसे भाव भी कहा जाता है, का अर्थ होता है ऐसी अवस्था जो व्यक्ति के व्यवहार को प्रभावित करती है। भय, क्रोध, घृणा, आश्चर्य, स्नेह, खुशी इत्यादि संवेग के उदाहरण हैं। बालक में आयु बढ़ने के साथ ही इन संवेगों का विकास भी (Emotional Development) होता रहता है।

• संवेगात्मक विकास मानव वृद्धि एवं विकास का एक महत्त्वपूर्ण पहलू है। बालक का संवेगात्मक व्यवहार उसकी शारीरिक वृद्धि एवं विकास को ही नहीं, बल्कि बौद्धिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास को भी प्रभावित करता है।

• बालक के सन्तुलित विकास में उसके संवेगात्मक विकास की अहम भूमिका होती है। बालक के संवेगात्मक विकास पर पारिवारिक वातावरण का बहुत प्रभाव डालता है।

• विद्यालय के परिवेश और क्रिया-कलापों को उचित प्रकार से संगठित कर अध्यापक बच्चों के संवेगात्मक विकास में भरपूर योगदान दे सकते हैं।

1.3.4 क्रियात्मक विकास

क्रियात्मक विकास (Motor Development) का अर्थ होता है—व्यक्ति के कार्य करने की शक्तियों, क्षमताओं या योग्यताओं का विकास।

क्रियात्मक शक्तियों, क्षमताओं या योग्यताओं का अर्थ होता है ऐसी शारीरिक गतिविधियाँ या क्रियाएँ, जिनको सम्पन्न करने के लिए मांसपेशियों एवं तन्त्रिकाओं की गतिविधियों के संयोजन की आवश्यकता होती है; जैसे—चलना, बैठना इत्यादि।

• एक नवजात शिशु ऐसे कार्य करने में अक्षम होता है। शारीरिक वृद्धि एवं विकास के साथ ही उम्र बढ़ने के साथ उसमें इस तरह की योग्यताओं का भी विकास होने लगता है।

• इसके कारण बालक को आत्मविश्वास अर्जित करने में भी सहायता होती है। पर्याप्त क्रियात्मक विकास के अभाव में बालक में विभिन्न प्रकार के कौशलों के विकास में बाधा पहुँचती है।

• क्रियात्मक विकास के स्वरूप एवं उसकी प्रक्रिया का ज्ञान शिक्षकों के लिए आवश्यक है।

• इसी ज्ञान के आधार पर ही वह बालक में विभिन्न कौशलों का विकास करने में उसकी सहायता कर सकता है।

• जिन बालकों में क्रियात्मक विकास सामान्य से कम होता है, उनके समायोजन एवं विकास हेतु विशेष कार्य करने की आवश्यकता होती है।

1.3.5 भाषायी विकास

भाषा के विकास (Linguistic Development) को एक प्रकार से संज्ञानात्मक (भावनात्मक) विकास माना जाता है।

• भाषा के माध्यम से बालक अपने मन के भावों, विचारों को एक-दूसरे के सामने रखता है एवं दूसरों के भावों, विचारों एवं भावनाओं को समझता है।

• भाषायी ज्ञान के अन्तर्गत बोलकर विचारों को प्रकट करना, सुनकर समझना तथा लिखकर अपनी बातों को रखना सम्मिलित किया जाता है।

• बालक 6 माह से 1 वर्ष के बीच कुछ शब्दों को समझने एवं बोलने लगता है।

• 3 वर्ष की अवस्था में वह कुछ छोटे वाक्यों को बोलने लगता है। 16 वर्ष के बीच भाषा में शब्दों की संख्या तथा वाक्य संरचना का विकास होता है।

• भाषायी विकास का क्रम एक क्रमिक विकास होता है। इसके साथ-साथ शब्दावली एवं भाषा कौशल में वृद्धि होती है।

1.3.6 सामाजिक विकास

सामाजिक विकास (Social Development) का शाब्दिक अर्थ होता है—समाज के अन्तर्गत रहकर विभिन्न पहलुओं को सीखना तथा समाज के साथ सम्बन्ध स्थापित करना।

• बालक के विकास की प्रत्येक अवस्था में सामाजिक विकास महत्त्वपूर्ण होता है।

• समाजीकरण के माध्यम से बालक समाज के सामाजिक विकास के साथ-साथ व्यापक रूप से व्यवहार करना सीखता है।

• समाज के माध्यम से ही बालक अपने आदर्श व्यक्तियों का चयन करता है तथा कुछ बनने की प्रेरणा उनसे लेता है।

• शिक्षित समाज में ही व्यक्ति का उत्तम विकास सम्भव हो सकता है।

• सामाजिक विकास के माध्यम से बालकों में सांस्कृतिक, धार्मिक तथा नैतिक मूल्यों आदि की भावनाएँ उत्पन्न होती हैं।

• बालकों के मन में आत्म-सम्मान, स्वाभिमान तथा विचारधारा का जन्म होता है।

• बालक समाज के माध्यम से ही अपने आदर्श व्यक्तियों का चयन करता है तथा कुछ बनने की प्रेरणा उनसे लेता है।

1.4 वृद्धि

वृद्धि (Growth) का अर्थ होता है बालकों की शारीरिक संरचना का विकास। इसके अन्तर्गत लम्बाई, भार, मोटाई तथा अन्य अंगों का विकास आता है। वृद्धि की प्रक्रिया आन्तरिक एवं बाह्य दोनों रूपों में होती है। यह एक निश्चित सीमा तक ही होती है तथा भौतिक पहलू (Physical Aspect) में सम्भव है। वृद्धि पर आनुवंशिकता का सकारात्मक एवं नकारात्मक दोनों प्रभाव पड़ते हैं।

1.4.1 वृद्धि एवं विकास में अन्तर

वृद्धि एवं विकास का प्रयोग लोग प्रायः पर्यायवाची शब्दों के रूप में करते हैं। सामान्यतः रूप से देखा जाए, तो इन दोनों में अन्तर होता है। इसे निम्न प्रकार से व्यक्त कर सकते हैं—

आधार — वृद्धि — विकास

वृद्धि:
परिमाणात्मक वृद्धि शब्द का प्रयोग परिमाणात्मक परिवर्तनों के अर्थ में होता है। जैसे—बच्चे के बड़े होने के साथ-साथ उसके आकार, लम्बाई, चौड़ाई इत्यादि में वृद्धि।

विकास:
विकास शब्द का प्रयोग परिमाणात्मक परिवर्तनों के साथ-साथ व्यावहारिक परिवर्तनों के लिए होता है। जैसे—कार्यकुशलता, कार्यक्षमता एवं व्यवहार में सुधार इत्यादि।

वृद्धि विकास की प्रक्रिया का एक विस्तृत चरण होता है। इसका क्षेत्र सीमित होता है। वृद्धि इसका एक सीमित पहलू है।

विकास एक प्रक्रिया है जो आजीवन चलती रहती है। बालक के परिपक्व होने के बाद भी विकास की प्रक्रिया चलती रहती है।

बालक की शारीरिक वृद्धि ही रही है, इसका अर्थ यह नहीं है कि उसमें विकास भी होता है। अतः विकास गुणात्मक विकास को दर्शाता है।

1.4.2 वृद्धि तथा विकास को प्रभावित करने वाले कारक

वृद्धि तथा विकास को प्रभावित करने वाले अनेक कारक उत्तरदायी होते हैं, जो निम्नलिखित हैं—

1. पोषण

वृद्धि तथा विकास का महत्त्वपूर्ण घटक होता है। बालक को विकास के लिए उचित मात्रा में प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट, खनिज लवण इत्यादि की आवश्यकता होती है।

यदि आहार में उपयुक्त पोषक तत्वों की कमी होगी तो वृद्धि एवं विकास प्रभावित होगा।

2. बुद्धि

यह विकास के अन्य कारकों में सबसे महत्त्वपूर्ण कारक होता है। बौद्धिक विकास जितना उच्चतर होगा, हमारे अन्दर समझदारी, नैतिकता, भावनात्मकता, तर्कशीलता इत्यादि का विकास उतना ही उत्तम होगा।

3. वंशानुगत

वंशानुगत (Heredity) स्थिति शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। माता-पिता के गुण एवं अवगुण का प्रभाव बच्चों पर स्पष्ट रूप से देखने को मिलता है।

4. लिंग

सामान्यतया लड़के एवं लड़कियों में विकास के क्रम में विविधता देखी जाती है। किसी अवस्था में विकास की गति लड़कियों में तीव्र होती है तो किसी अवस्था में लड़कों में।

5. वायु एवं प्रकाश

• शरीर को स्वस्थ रखने के लिए स्वच्छ वायु की आवश्यकता होती है। यदि वायु स्वच्छ न मिले तो बालक बीमार हो सकता है एवं इनके अभाव में कार्य करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।

• शारीरिक विकास के लिए सूर्य के प्रकाश की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है, क्योंकि सूर्य के प्रकाश में विटामिन-D की प्राप्ति होती है, जो विकास के लिए अपरिहार्य है।

6. अन्तःस्रावी ग्रन्थियाँ

अन्तःस्रावी ग्रन्थियों (Endocrine Glands) से निकलने वाला हार्मोन बालक एवं बालिकाओं के शारीरिक विकास को प्रभावित करता है।

7. शारीरिक क्रिया

जीवन को स्वस्थ रखने के लिए व्यायाम बहुत आवश्यक है। यह मानव की आयु बढ़ाता तथा साथ ही व्यक्ति को सक्रिय (Active) बनाए रखता है।

1.4.3 वृद्धि की अवस्थाएँ

मनोवैज्ञानिकों ने मानव वृद्धि को निम्नलिखित अवस्थाओं में विभाजित किया है, जो निम्न प्रकार हैं—

1. शैशवकाल

• इसमें जन्म से 2 वर्ष तक बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास तेजी से होता है। इस अवस्था में बालक मुख्य रूप से माता-पिता पर आश्रित रहता है।

• इस अवस्था में संवेगात्मक विकास तथा सीखने की क्षमता की गति तीव्र होती है। जब नवजात शिशु शैशवकाल (Infancy) की ओर अग्रसर होता है, तो उसके अन्दर प्यार एवं स्नेह की आवश्यकता बढ़ने लगती है।

2. बाल्यकाल

बाल्यकाल (Childhood) में बालक का विकास बहुस्तरीय एवं निरन्तर होता है। इसे मुख्यतः दो भागों में विभाजित किया गया है—

(1) पूर्व बाल्यकाल

• सामान्यतया 2 से 6 वर्ष की अवस्था में बालकों का बाहरी जुड़ाव होने लगता है। बालकों में नकल करने की प्रवृत्ति (अनुकरण) पाई जाती है।

• बालकों के समाजीकरण एवं जिज्ञासा दोनों में वृद्धि होती है।

(2) उत्तर बाल्यकाल

• 6 से 12 वर्ष तक की अवस्था में बच्चों में बौद्धिक, नैतिक, सामाजिक, तर्कशीलता इत्यादि का व्यापक विकास होता है।

• पढ़ने की रुचि में वृद्धि के साथ-साथ स्मरण क्षमता का भी विकास होता है।

• बच्चों में समूह भावना का विकास होता है अर्थात् समूह में खेलना, समूह में रहना, समलैंगिक व्यक्ति को ही मित्र बनाना इत्यादि।

• इस अवस्था में बालकों को जीवन में अनुशासन तथा नियमों की महत्ता समझ में आने लगती है।

• वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं घूमने की प्रवृत्ति का विकास होता है।

3. किशोरावस्था

• 12 से 18 वर्ष के बीच की अवस्था अत्यन्त जटिल अवस्था है तथा साथ ही व्यक्ति की शारीरिक संरचना में परिवर्तन देखने को मिलता है।

• यह वह समय होता है, जिसमें बालक बाल्यावस्था से परिपक्वता की ओर अग्रसर होता है।

• इस अवस्था में किशोरों की लम्बाई एवं भार दोनों में वृद्धि होती है, साथ ही मांसपेशियों में भी वृद्धि होती है।

• 12 से 14 वर्ष की आयु के बीच लड़कों की अपेक्षा लड़कियों की लम्बाई एवं मांसपेशियों में तेजी से वृद्धि होती है एवं 14 से 18 वर्ष की आयु के बीच लड़कियों की अपेक्षा लड़कों की लम्बाई एवं मांसपेशियाँ तेजी से बढ़ती हैं।

• इस काल में प्रजनन अंग विकसित होने लगते हैं एवं उनकी काम की मूल प्रवृत्ति जाग्रत होती है।

• इस अवस्था में किशोर दुश्चिन्ता (दुविधा) एवं स्वयं से सम्बन्धित सरोकार (मतलब) का भाव रखते हैं। ‘मैं कौन हूँ’, ‘मैं क्या हूँ’ आदि जैसी प्रबल भावनाओं का विकास इस अवस्था में होने लगता है।

• इस अवस्था में किशोर-किशोरियों की बुद्धि का पूर्ण विकास हो जाता है, इनकी ध्यान केन्द्रित करने की क्षमता बढ़ जाती है, स्मरण शक्ति बढ़ जाती है एवं उनमें स्थायित्व आने लगता है।

• इस अवस्था में मित्र बनाने की प्रवृत्ति तीव्र होती है एवं सामाजिक सम्बन्धों में वृद्धि होती है।

• इस अवस्था में नशा या अपराध की ओर उन्मुख होने की सम्भावना भी रहती है।

किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों का प्रभाव किशोर जीवन के सामाजिक एवं मानसिक पहलुओं पर पड़ता है। अतः इस अवस्था में शिक्षकों, मित्रों एवं अभिभावकों के सही मार्गदर्शन एवं सलाह की आवश्यकता पड़ती है।

4. युवा प्रौढ़ावस्था

• सामान्यतया 18 से 40 वर्ष तक।

• किशोरावस्था एवं युवा प्रौढ़ावस्था (Adulthood) की कोई निश्चित आयु नहीं होती। यह अवस्था मानव-विकास में एक निश्चित परिपक्वता ग्रहण करने से प्राप्त होती है।

5. परिपक्व प्रौढ़ावस्था

• सामान्यतया 40 से 65 वर्ष की अवस्था।

• शारीरिक विकास में गिरावट आने लगती है। मांसपेशियों में ढीलापन, चेहरे पर झुर्रियाँ आना इत्यादि।

6. वृद्ध प्रौढ़ावस्था

• 65 से अधिक वर्ष की अवस्था।

• शारीरिक क्षमता का कमजोर होना।

1.5 अधिगम

अधिगम (Learning) का अर्थ होता है—सीखना। अधिगम एक जटिल एवं सक्रिय प्रक्रिया है, जो किसी-न-किसी रूप में जीवनपर्यन्त चलती रहती है एवं जिसके द्वारा हम कुछ ज्ञान अर्जित करते हैं या जिसके द्वारा हमारे व्यवहार में परिवर्तन होता है।

जन्म के तुरन्त बाद से ही बालक सीखना प्रारम्भ कर देता है। अधिगम व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है। इसके द्वारा जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता मिलती है। अधिगम के बाद व्यक्ति स्वयं और दुनिया को समझने के योग्य हो पाता है।

यदि छात्र किसी विषय-वस्तु के ज्ञान के आधार पर कुछ परिवर्तन करने एवं उत्पादन करने में सक्षम हो गया हो, तो उसके सीखने की प्रक्रिया को अधिगम कहा जाएगा।

सार्थक अधिगम ठोस चीजों एवं मानसिक द्योतकों को प्रस्तुत करने व उनमें बदलाव लाने की उत्पादक प्रक्रिया है न कि जानकारी एकत्रित कर उसे रटने की प्रक्रिया।

अधिगम के सन्दर्भ में विद्वानों द्वारा कुछ परिभाषाएँ निम्न प्रकार दी गई हैं—

गेट्स के अनुसार, “अनुभव द्वारा व्यवहार में रूपान्तर लाना ही अधिगम है।”

ई.ए. पील के अनुसार, “अधिगम व्यक्ति में एक परिवर्तन है, जो उसके वातावरण के परिवर्तनों के अनुसरण में होता है।”

क्रो एवं क्रो के अनुसार, “सीखना आदतों, ज्ञान एवं अभिवृत्तियों का अर्जन है। इसमें कार्यों को करने के नवीन तरीके सम्मिलित हैं और इसके माध्यम से व्यवहार में परिवर्तन आता है।”

व्यक्ति द्वारा किसी भी बाधा को दूर करने अथवा नवीन परिस्थितियों में अपने समायोजन को लेकर होती है। इसके माध्यम से व्यक्ति को अपने अभिप्राय अथवा लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

1.6 विकास का अधिगम से सम्बन्ध

विकास एवं अधिगम परस्पर अन्तःसम्बन्धित हैं। विकास के विभिन्न पहलुओं का प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रभाव अधिगम पर पड़ता है।

शारीरिक विकास, विशेषकर छोटे बच्चों में मानसिक एवं संज्ञानात्मक विकास में मददगार होता है। सभी बच्चों के लिए सीखने के लिए शारीरिक एवं मनो-सामाजिक विकास आवश्यक है। सामाजिक विकास एवं अधिगम को अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करते हैं।

बालकों का विकास एवं अधिगम एक-दूसरे के साथ सम्बन्धित हैं। बालकों में उन सिद्धान्तों का भी विकास होता है, जो उन्हें प्राकृतिक एवं सामाजिक घटनाओं को समझने में मदद करते हैं। इसके अलावा अमूर्त सोच, तर्क, कारण और कारक के बीच सम्बन्ध स्थापित करने की क्षमता भी विकसित होती है।
Advertisement